बड़वानीः शहर में 92 करोड़ की लागत से बिछाई जा रही सीवरेज परियोजना के कामों में कई झोल देखने को मिल रहा है। अभी परियोजना पूर्ण नहीं हुई हैं, लेकिन कंपनी द्वारा कई क्षेत्र में ताबड़तोड़ घरों के सीवेज कनेक्शन मेन लाइनों में जोड़ दिए गए हैं। जिससे आए दिन चैंबर जाम होकर गंदगी बाहर बह रही हैं। ऐसा मामला सेगांव वार्ड में देखने को मिला। वहीं इस दौरान सीवरेज कंपनी की लापरवाही भी देखने को मिली।
दरअसल सीवरेज कार्य कर रही कंपनी के कामों में कई तरह के नियमों के पालन में झोल नजर आ रहा हैं। कंपनी द्वारा कार्य करने वाले कर्मचारियों व मजदूरों की सुरक्षा-सुविधा को लेकर बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। गुरुवार को सेगांव में दुरुस्ती काम के लिए पहुंचे कर्मी की सुरक्षा के लिए कोई किट तक नहीं दी गई। कर्मचारी चैंबर सफाई के लिए गड्ढे में उतरा और फावड़े व हाथ से गंदगी साफ करते नजर आया। जबकि चैंबर का ऊपरी हिस्स छोटा होने से कर्मचारी को काफी दिक्कत आई।
जब कंपनी कर्मचारी बिना सेफ्टी किट पहने काम करते नजर आया तो नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राकेशसिंह जाधव ने उनके प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए फूलमाला से सम्मान किया। वहीं निर्माण कंपनी के प्रति रोष जताते हुए कहा कि निर्माण कंपनी को शहर के नागरिकों की समस्या की कोई चिंता नहीं है, लेकिन वो अपने कर्मियों की सुरक्षा के प्रति भी संवेदनहीनता की परकाष्ठा को पार कर रही है। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष के साथ पूर्व जनपद अध्यक्ष मनेंद्रसिंह पटेल बिट्टू भाई, पार्षद बाबूभाई, जिला पंचायत सदस्य करण दरबार आदि मौजूद थे।
बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट