1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. गोपालगंज में NIA की छापेमारी, विदेश भेजने के मामले में एजेंट से पांच घंटे पूछताछ

गोपालगंज में NIA की छापेमारी, विदेश भेजने के मामले में एजेंट से पांच घंटे पूछताछ

गोपालगंज में NIA ने कंबोडिया भेजे गए एक युवक की शिकायत के मामले में एक एजेंट के घर छापेमारी कर करीब पांच घंटे पूछताछ की। एजेंट को 10 जुलाई को पटना स्थित NIA कार्यालय में तलब किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

By: Nivedita 
Updated:
गोपालगंज में NIA की छापेमारी, विदेश भेजने के मामले में एजेंट से पांच घंटे पूछताछ

गोपालगंज। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गोपालगंज शहर के साधु चौक इलाके में एक एजेंट के घर छापेमारी कर करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। यह कार्रवाई पश्चिम चंपारण के एक युवक द्वारा विदेश भेजे जाने से जुड़े मामले में की गई शिकायत के आधार पर की गई है।

दस्तावेजों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी

जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम स्थानीय पुलिस के साथ साधु चौक स्थित मकान पर पहुंची और कई घंटों तक दस्तावेजों की जांच की। पूछताछ के दौरान आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई और पूरे क्षेत्र में गतिविधियों पर नजर रखी गई।

एजेंट ने बताया अपना पक्ष

मामले में संबंधित एजेंट प्रदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने एक युवक को कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी के लिए कंबोडिया भेजा था। उनके अनुसार, वहां पहुंचने के बाद युवक ने जानकारी दी कि उससे कथित रूप से ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़ा काम कराया जा रहा है। प्रदीप सिंह का दावा है कि उन्होंने युवक की वापसी के लिए आर्थिक सहायता भेजी और उसके द्वारा खर्च की गई राशि भी लौटा दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में युवक के लिए दुबई का वीजा भी मंगवाया गया था, लेकिन वह वहां नहीं गया और बाद में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी।

 

10 जुलाई को पटना कार्यालय में किया तलब

एजेंट के अनुसार, उन्होंने एनआईए को लेन-देन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं। एनआईए ने उन्हें नोटिस जारी कर 10 जुलाई को पटना स्थित कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है।

जांच जारी, NIA की ओर से आधिकारिक बयान नहीं

फिलहाल इस पूरे मामले में एनआईए की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। एजेंसी जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

 

रिपोर्ट – नमो नारायण मिश्रा

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...