धारः जनपद के धामनोद नगर परिषद की मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) माया मंडलोई का स्थानांतरण शासन के आदेशानुसार नगर परिषद महेश्वर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर हुआ है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ममता वर्मा और परिषद के कई पार्षदों की उपस्थिति में अध्यक्ष सीमा विष्णु पाटीदार ने सीएमओ माया मंडलोई को शासन के आदेश के परिपालन में कार्य मुक्त कर दिया। कागजी कार्रवाई बड़े बाबू सुनील वर्मा ने सम्पन्न की। हालांकि उस समय सीएमओ माया मंडलोई परिषद में उपस्थित नहीं थी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को शासन के एक आदेश के तहत सीएमओ धामनोद माया मंडलोई का तबादला नगर परिषद महेश्वर जिला खरगोन और महेश्वर का मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रियंक पांड्या को धामनोद नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी का आदेश हुआ था। जिसके परिपालन में सीएमओ को कार्य मुक्त किया गया।
नगर परिषद की अध्यक्ष सीमा विष्णु पाटीदार ने बताया कि शासन के आदेश के परिपालन में नियमानुसार कार्य मुक्त किया गया है। अब आगामी सीएमओ के आने का इंतजार है। इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि डॉ. आरके पाटीदार, पार्षद जितेंद्र सोलंकी फौजी, चिंटू चौहान, चंद्रकला दांगी, देवकन्या मुकाती, ज्योति जोशी, जमील खान, कैलाश वर्मा, विष्णु पाटीदार, रविराज वर्मा आदि मौजूद रहे।
धार से संवाददाता सौभाग प्रजापति की रिपोर्ट