नई दिल्ली : पढ़ाई को लेकर हुए विवाद में एक बेटी ने अपनी मां की हत्या कर दी, वो भी कराटे बेल्ट से। हालांकि इस हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए बेटी ने एक साजिश रची, जिसे जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। इस घटना के तह तक जाने के लिए एक महिला कांस्टेबल ने पहले लड़की को अपने विश्वास में लिया, फिर उससे सारी हकीकत बयां करवाई।
आपको बता दें कि ये मामला नवी मुंबई का है। रबाले पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी (IO), दिनेश पाटिल ने कहा कि घटना 30 जुलाई की है। पुलिस के मुताबिक लड़की के पेरेंट्स उसे डॉक्टर बनाना चाहते थे। हाल ही में NEET क्लासेज में उसे एनरॉल कराया था। लेकिन लड़की डॉक्टर नहीं बनना चाहती थी। इसको लेकर अक्सर उसका मां-बाप से झगड़ा होता रहता था।

जब मां के खिलाफ की थी FIR कराने की कोशिश
आपको बता दें कि लड़की ने पिछले महीने अपनी मां के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की भी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उसके मां के साथ ही उसके पिता को तलब किया जो एक प्राइवेट कंपनी में सीनियर इंजीनियर हैं। पुलिस ने काउंसलिंग करा इस विवाद को सुलझा दिया था। इसके बाद 30 जुलाई को पढ़ाई को लेकर घर में फिर विवाद हो गया, जब लड़की ने अपनी मां को धक्का दिया, जो फर्श पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
आत्महत्या साबित करने के लिए रची ये साजिश
बाद में, गुस्से में लड़की ने कथित तौर पर अपनी घायल मां का कराटे बेल्ट से गला घोंट दिया। फिर उसने अपनी मां के मोबाइल से अपने पिता और मामा को एक मैसेज भेजा, जिसमें दावा किया गया कि उसकी मां ने खुद को बेडरूम के अंदर बंद कर लिया है। जाहिर तौर पर अपराध को आत्महत्या के रूप में दिखाने के लिए ही यह मैसेज किया गया था।
खुलासे से पड़ोसी हैरान
एक हफ्ते की जांच के बाद और लड़की का विश्वास जीतने की कोशिश के बाद एक महिला कांस्टेबल आखिरकार उससे अपराध कबूल कराने में कामयाब रही। पुलिस ने लड़की को हिरासत में लिया है और जल्द ही आगे की कानूनी प्रक्रियाओं के लिए जुवेनाइल बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। इस मामले के खुलासे ने नवी मुंबई और आसपास के लोगों को हैरान कर दिया है।