भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच दो दौर की बैठक के बाद मध्य प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने 14 जिलों के कलेक्टर समेत कुल 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जिसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
इस फेरबदल के तहत भोपाल के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। वहीं, धार के कलेक्टर प्रियांक मिश्रा को अब भोपाल का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सागर, धार, रीवा, भोपाल, नर्मदापुरम, सिवनी, शिवपुरी, उमरिया, श्योपुर, मैहर, दमोह, मंडला, झाबुआ और बैतूल सहित कई जिलों के कलेक्टरों को भी बदला गया है। वहीं नर्मदापुरम के संभागीय आयुक्त और लोक निर्देश आयुक्त को भी बदल दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह बदलाव काफी समय से प्रस्तावित था, लेकिन त्योहारों और बजट सत्र के कारण इसमें देरी हो रही थी। इस तबादले में महिलाओं को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। कुल 9 महिला आईएएस अधिकारियों का तबादला हुआ है। पांच महिलाओं को कलेक्टर बनाया गया। राखी सहाय, शीला दाहिमा और बिदिशा मुखर्जी को पहली बार कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है। जबकि प्रतिभा पाल और नेहा मीणा पहले से इस पद पर तैनात थीं।