विदिशाः शमशाबाद क्षेत्र में बुधवार को हुई भारी ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। फसलों को हुए भारी नुकसान का जायजा लेने के लिए स्थानीय विधायक सूर्य प्रकाश मीणा राजस्व विभाग की टीम के साथ खेतों में पहुँचे।
विधायक ने प्रभावित गांवों का दौरा कर ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों की स्थिति देखी। किसानों का दर्द सुनते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल सर्वे का कार्य शुरू करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि “एक भी प्रभावित किसान सर्वे से छूटना नहीं चाहिए, ताकि सभी को समय पर उचित मुआवजा मिल सके।”
विधायक मीणा ने किसानों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है और नुकसान की पाई-पाई का आकलन करवाकर राहत राशि प्रदान की जाएगी। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण और पटवारी मौजूद रहे।