उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में देशभर से वीआईपी और श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। बुधवार को दिल्ली सरकार के गृह मंत्री आशीष सूद और गोवा सरकार के कैबिनेट मंत्री सुभाष उत्तम फल देसाई बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। जहां दोनों नेताओं ने भक्ति भाव के साथ दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की।

दिल्ली सरकार के गृह मंत्री आशीष सूद ने प्रातःकालीन दद्योदक आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। वहीं गोवा सरकार के कैबिनेट मंत्री सुभाष उत्तम फल देसाई ने बाबा महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में भाग लिया। महाकाल मंदिर पहुंचने पर दोनों नेताओं का मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत और सम्मान किया गया। दर्शन के दौरान दोनों नेता नंदी हॉल में बैठकर भक्ति में लीन दिखाई दिए।

गोवा सरकार के मंत्री सुभाष उत्तम फल देसाई ने कहा कि वे लंबे समय से बाबा महाकाल के दर्शन करने की इच्छा रखते थे। और अब दर्शन कर उन्हें अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि जीवन में एक बार हर व्यक्ति को महाकालेश्वर मंदिर जरूर आना चाहिए। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार और मंदिर प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं को सनातनी सेवक मानते हैं और बाबा महाकाल की नगरी में आकर अत्यंत प्रभावित हुए हैं। साथ ही उन्होंने भारत की निरंतर प्रगति और विश्व में सनातन संस्कृति के विस्तार की कामना भी की। महाकाल मंदिर में इन दिनों देशभर से श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों का आगमन लगातार जारी है। वहीं सिंहस्थ 2028 को देखते हुए मंदिर और शहर में विकास कार्यों की रफ्तार भी तेज कर दी गई है।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट