देवासः मध्य प्रदेश सरकार के बजट को लेकर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने देवास में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान मंत्री सिलावट ने बजट को जन हितैषी बताया। मंत्री ने सरकार के बजट को सबका साथ सबका विकास वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है और इसका लाभ भी सबको मिलेगा।
बता दें कि सरकार द्वारा लिए जा रहे क़र्ज़ को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए थे। इस सवाल का जवाब देते हुए मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि कोई भी सरकार कर्ज़ मापदंड के हिसाब से लेती है। जो क़र्ज़ सरकार ले रही है, उसे मध्य प्रदेश के विकास के लिए किसानों की सिंचाई और सड़क के साथ ही किसानों को बिजली देने के लिए और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकार लगा रही है। इससे जहां किसानों को फायदा होगा वहीं विकास को भी बल मिलेगा।