मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” देश और देशवासियों की उपलब्धियों को सामने लाने का एक अत्यंत प्रभावी प्लेटफार्म है। यह कार्यक्रम जमीनी स्तर पर हो रहे सकारात्मक प्रयासों, नवाचारों और प्रेरक घटनाओं को पूरे देश तक पहुंचाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के हर कोने में घटित होने वाली सूक्ष्मतम गतिविधियों पर भी ध्यान रखते हैं और उन्हें देशवासियों के साथ साझा करते हैं। चाहे किसानों द्वारा एक ही स्थान पर विविध फसलें उगाने का नवाचार हो या केरल में अंगदान से जुड़ा संवेदनशील प्रसंग- मन की बात में ऐसे उदाहरण लाखों लोगों को प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता को स्मरण करना भारत की सांस्कृतिक विविधता को सम्मान देने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विचारों में समग्रता और “सबका विकास” की स्पष्ट झलक मिलती है। इस कार्यक्रम की विशेषता यह भी है कि इसमें कभी राजनीतिक विषय नहीं आते, बल्कि सदैव देशहित को प्राथमिकता दी जाती है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस लाइन स्थित स्टेडियम में दिव्यांग खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों के साथ मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, विधायक भगवान दास सबनानी, राहुल कोठारी एवं रविन्द्र यति सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अन्नदाता, युवा, महिला और गरीब-सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे विकासात्मक नवाचारों और जनकल्याणकारी पहलों को नियमित रूप से मन की बात के माध्यम से साझा करना अत्यंत सराहनीय है।
नई दिल्ली में आयोजित Global AI Impact Summit 2026 का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस समिट में मध्य प्रदेश द्वारा कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में की जा रही पहलों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के हित में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का अधिकतम उपयोग कैसे किया जाए, इस पर गंभीरता से विचार करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उदार, समावेशी और उदात विचारों के साथ तकनीकी नवाचार और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि “मन की बात” जैसे संवाद कार्यक्रम न केवल प्रेरणा देते हैं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सहभागी भी बनाते हैं।