आरा। भोजपुर जिले के नए जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने गुरुवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने उन्हें कार्यभार सौंपा। पदभार संभालने के बाद नए डीएम ने जिले के विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
मनेश कुमार मीणा वर्ष 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। भोजपुर में नियुक्ति से पहले वे पटना में निदेशक, BRISC के पद पर कार्यरत थे। प्रशासनिक अनुभव के साथ उन्होंने अब भोजपुर की जिम्मेदारी संभाली है।
पदभार ग्रहण करने के बाद बातचीत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि भोजपुर में चल रहे विकास कार्यों को और गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
नए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भोजपुर की जनता प्रशासन के साथ मिलकर जिले को विकास के पथ पर आगे ले जाने में अपनी भूमिका निभाएगी।
डीएम मनेश कुमार मीणा ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लागू कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर योजनाओं की प्रगति और उनके लाभ को जनता तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।