उज्जैन में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां बारातियों से भरी बस पलटने से करीब 15 लोग घायल हो गए। घटना इंगोरिया थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के पास की है, जहां इंदौर से खाचरोद जा रही बारातियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
जानकारी के अनुसार, जिस जगह हादसा हुआ वहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान बस चालक के ओवरटेक करने की कोशिश में संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत गंभीर होने पर उज्जैन से एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई हैं और जरूरत पड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक नगायच की रिपोर्ट