नई दिल्ली : गुजरात के अमरेली में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे सो रहे करीब दस मजदूरों को रौंद दिया। इस हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में कराया जा रहा है। खबरों की मानें तो यह हादसा तड़के तीन बजे के आस-पास हुआ था। इस हादसे के बाद इलाके में कोहराम की स्थिति बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि ये हादसा अमरेली में सावरकुंडला के बाढडा गांव के पास हुआ है। अमरेली के पुलिस अधीक्षक निर्लिप्त राय ने बताया कि मृतकों में आठ और 13 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वाहन चलाते समय झपकी आने से ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था और ट्रक सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में जा घुसा, जिसमें 10 लोग सो रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में दो बुजुर्ग भी शामिल हैं।

सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार किया और ट्रक को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि ड्राइवर कहीं शराब पीकर तो ट्रक नहीं चला रहा था, जिसकी वजह से यह भीषण हादसा हुआ है।

पीड़ितों को 4-4 लाख मुआवजा
मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि, ‘अमरेली जिले के सावरकुंडला के बरदा गांव के पास हुए दर्दनाक हादसे से दुखी हूं। हादसे के शिकार लोगों को तत्काल और उचित मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार हादसे में जान गंवाने वालों के पीड़ितों को 4 लाख रुपये की सहायता प्रदान करेगी।’’ प्रार्थना है कि प्रभु मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें। ऊं शांति।
કલેકટર અમરેલીને સમગ્ર ઘટનાની તાત્કાલિક તપાસ કરી અહેવાલ મોકલવાનો આદેશ કર્યો છે. પ્રભુ મૃતકોના આત્માને સદ્ગતિ અર્પે અને પરિવારને આ દુ:ખ સહન કરવાની શક્તિ બક્ષે એ જ પ્રાર્થના.
ૐ શાંતિ…— Vijay Rupani (@vijayrupanibjp) August 9, 2021
मुख्यमंत्री रुपाणी ने दिए जांच के आदेश
वहीं मुख्यमंत्री रुपाणी ने हादसे की जांच के आदेश भी दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि कलेक्टर अमरेली को तत्काल पूरी घटना की जांच कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।