शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 194 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पिछोर-बामौर की ओर से एक हुंडई क्रेटा कार में दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर करैरा क्षेत्र आ रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी विनोद छावई ने टीम के साथ घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 194 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी नीरज राय और मानसिंह विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही लगभग 10 लाख रुपये कीमत की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से खरीदकर लाए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।