रिपोर्ट: सत्यम दुबे
इंदौर: कोरोना महामारी के दूसरे लहर का कहर लगातार जारी है। कोरोना से संक्रमित मरीज ऑक्सीजन और दवाईयों की कमीं से लगातार दम तोड़ रहें हैं। महामारी के दूसरे लहर ने कई हंसते-खेलते परिवारों को तबाह कर दिया है। वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के इंदौर के एक अस्पताल से सामने आई है, जिसे जानकर आपके भी होश उड़ जायेंगे।
जिले से सबसे बड़े महाराजा यशवंतराव (MY) अस्पताल लापरवाही के लिए कुख्यात होता जा रहे है। आये दिन लापरवाही के मामले सामने आते रहते हैं। लेकिन अब जो मामला आया है वह बेहद हैरान करने वाला है। यहां चाइल्ड नर्सरी में भर्ती एक नवजात की एड़ी और अंगूठा को चूहे कुतर-कुतर खा गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद आनन- फानन में अस्पताल प्रबंधन ने एक कमिटी गठित कर जांच के आदेश दे दिए हैं।
आपको बता दें कि हाल ही में इंदौर के रहने वाले किशन की पत्नी प्रियंका ने एक बच्चे को जन्म दिया था। लेकिन नवजात प्री-मैच्योर था उसका वजन करीब 1.4 किलो है। जिसके बाद देखरेख के लिए नर्सरी में वार्मर पर रखा गया था, जहां सिर्फ मां को ही जाने की अनुमति थी। ताकि वो बच्चे को दूध पिला सके।
सोमवार के दिन सुबह प्रियंका जब अपने बच्चे को दूध पिलाने के लिए गई तो वह उसे देखते ही भौचक्की रह गई। नवजात का पैर लहूलुहान था और उसके पैर का अंगूठा और एक अंगुली कटी हुई थी। इसके बाद परिजनों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। बच्ची की मां ने अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी दी। महिला की शिकायत के बाद ड्यूटी पर तैनात आरएसओ को अधीक्षक को बुलाया गया। फिर उससे घटना के बारे में जानकारी ली गई।
महाराजा यशवंतराव अस्पताल की लापरवाही का यह कोई पहला मामला नहीं है। अभी एक हफ्ते पहले भी इस अस्पताल में कुछ ऐसा ही एक मामला सामने आया था। जब नर्सरी में एक नवजात का पैर झुलस गया था। उस बच्चे को जिस वार्मर में रखा गया था वह इतना गर्म था कि मासूम के पैर में छाले आ गए थे और लाल हो गया था। इस लापरवाही के लिए भी अस्पताल के स्टॉफ को जिम्मेदार ठहराया गया था।