भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2025 में चयनित अभ्यर्थियों से संवाद कार्यक्रम ‘सफलता के मंत्र’ का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

सिविल सेवा परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों से संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश ने नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि सरकारी स्कूल-कॉलेजों और छोटे शहरों से निकले छात्रों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल उनके उच्च शिक्षा मंत्री रहते शुरू हुई थी, और आज भी लगातार जारी है। उन्होंने खुशी जताई कि देश की टॉप 10 रैंक में प्रदेश के 2 छात्रों ने जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विक्रमादित्य के गौरवशाली अतीत को जीता है जिसके कारण से यहां के बच्चों ने अपनी प्रतिभा के बल पर दुनिया भर में झंडे गाड़े हैं। उन्होंने कहा कि खासकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के अंदर यह मौका मिलना बड़े सौभाग्य की बात है। जो टॉप रैंक होती है उसमें भी मध्य प्रदेश के बच्चों ने अपने लिए जगह बनाई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2025 में चयनित अभ्यर्थियों पर केंद्रित “प्रतिभाओं का परचम” पुस्तिका के डिजिटल वर्जन का रिमोट से लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 2025 में चयनित अभ्यर्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

वहीं, सीधी कलेक्टर और गुना एसपी को हटाए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जहां अच्छा काम होता है, वहां अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाता है, और जहां कमी होती है, वहां बदलाव जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य सुशासन और कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाना है। जो काम नहीं करेगा, उसे हटाया जाएगा और योग्य लोगों को आगे बढ़ाया जाएगा।