निवाड़ीः धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में इस वर्ष रामनवमी पर्व के अवसर पर आज से पांच दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
महोत्सव की शुरुआत आज प्राकट्य पर्व के रूप में हुई। इस अवसर पर सुबह 8:30 बजे कुश नगर से राम राजा परिषद एवं मित्र मंडली के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे रामराजा मंदिर प्रांगण में बुंदेली लोकगीत और बधाई गीतों का आयोजन होगा। कार्यक्रम में बुंदेलखंड की प्रसिद्ध कलाकार उर्मिला पांडे और राष्ट्रीय भजन गायक पवन तिवारी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
वहीं शाम 7:00 बजे मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन निवाड़ी के संयुक्त तत्वाधान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
28 मार्च को सुबह 5:00 बजे मंगला आरती के साथ दिन की शुरुआत होगी, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही 29 और 30 मार्च को विशेष रूप से पालना और झांकी दर्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं को प्राप्त होंगे।
महोत्सव को लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ओरछा में आयोजित यह रामनवमी महोत्सव इस बार आस्था, संस्कृति और भक्ति का भव्य संगम साबित होने वाला है।
निवाड़ी से देवेश कुमार की रिपोर्ट