बैतूलः जनपद के सांवलीगढ़ रेंज में सैकड़ों सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे मामले में कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदार अधिकारी ही कटघरे में खड़े नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि भोपाल से आई विजिलेंस टीम ने जांच के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई।
जंगल में जहां बड़े पैमाने पर ताजा कटान के सबूत मौजूद थे, वहां जाने के बजाय टीम ने एक झोपड़ी के पास बैठकर ही पंचनामा तैयार कर लिया। इस दौरान नाकेदार के करीबी लोगों को बुलाकर दस्तखत करवाए गए, जबकि ग्रामीणों और वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष को पूरी तरह अनदेखा कर दिया गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीण लगातार टीम से अवैध कटाई के सबूत दिखाने की बात करते रहे, लेकिन उनकी एक भी नहीं सुनी गई।
टीम बिना दोबारा मौके का निरीक्षण किए ही लौट गई। यही नहीं, सैकड़ों ताजे ठूंठ होने के बावजूद केवल बारह मामलों को अवैध बताया गया, बाकी पर पुराने पीओआर नंबर डालकर मामला दबाने की कोशिश की गई।