नर्मदापुरमः अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया एक दिवसीय प्रवास पर नर्मदापुरम पहुंचे। जहां सेठानी घाट पर मां नर्मदा का पूजन-अर्चन करने के बाद उन्होंने न केवल हिंदू समृद्धि का रोडमैप रखा, बल्कि समसामयिक मुद्दों पर अपने चिरपरिचित अंदाज में तीखे प्रहार भी किए।
मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. तोगड़िया ने कहा कि जैसे अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना है, अब समय आ गया है कि काशी और मथुरा में भी भव्य मंदिर बनें। उन्होंने अब तो हिंदू ही आगे का नारा बुलंद करते हुए कहा कि हिंदू समृद्धि तभी संभव है जब हर हाथ को काम, बच्चों को शिक्षा और किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मिले।
वैश्विक युद्ध और खाड़ी देशों के हालातों पर डॉ. तोगड़िया ने कटाक्ष करते हुए कहा कि शिया-सुन्नी और दुबई-ईरान आपस में एक-दूसरे से लड़ रहे हैं, यह अच्छा है। बस चिंता इस बात की है कि उनके लड़ने से भारत में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम न बढ़ें। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार इस आर्थिक बोझ से जनता को बचाएगी।
तोगड़िया ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को किसान पुत्र बताते हुए मांग की है कि सरकार सारे काम छोड़कर सबसे पहले गेहूं उपार्जन की व्यवस्था करे। उन्होंने कलेक्टरों को भी सख्त निर्देश देने की बात कही ताकि अन्नदाता दुखी न हो। धर्मांतरण पर उन्होंने दो टूक कहा कि एक भी हिंदू का धर्म नहीं बदलना चाहिए, इसके लिए सरकार और संगठन दोनों को शिक्षा व स्वास्थ्य पर काम करना होगा।