शाजापुर के कालापीपल क्षेत्र में 44 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जमीन के कब्जे को लेकर हुए विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया, जिसमें फायरिंग और लाठी-डंडों से मारपीट की घटनाएं सामने आईं।
जानकारी के अनुसार जमीन पर कब्जे के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग शुरू हो गई। इस घटना में दो युवक घायल हुए, जिनमें से एक को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है।
मौके पर मौजूद निजी सुरक्षा गार्डों और स्थानीय लोगों के बीच भी झड़प हुई। पुलिस ने मामले में चार सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से कारतूस व खोखे बरामद किए हैं।
घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें फायरिंग, मारपीट और वाहन से कुचलने की कोशिश के दृश्य दिखने का दावा किया जा रहा है। इससे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जबकि हिंसा जारी थी। हालांकि प्रशासन ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय ने बताया कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।