पन्नाः मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में वित्तीय अनियमितता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि वर्ष 2021-22 में बाउंड्री निर्माण के लिए शासन स्तर से लाखों रुपये का बजट जारी किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य किए बिना ही पूरी राशि आहरित कर ली गई है। बताया जा रहा है कि उस समय पदस्थ वार्डन मीना तिवारी द्वारा बाउंड्री निर्माण के नाम पर स्वीकृत धनराशि निकाली गई, जबकि धरातल पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ। वर्तमान में पदस्थ कर्मचारी ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि न तो बाउंड्री बनी और न ही राशि का सही उपयोग हुआ।
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में है और प्रारंभिक जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मामला प्रकाश आने के बाद भी वर्तमान वार्डन को तत्कालीन वार्डन द्वारा न तो वित्तीय प्रभार दिया जा रहा है न ही कोई दस्तावेज।