शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पीड़िता गिरजाबाई साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मंदिर गई थीं, तभी उनके घर से नकदी और जेवरात चोरी हो गए।
जानकारी के अनुसार, संदेही किराएदार नीरज जाटव ने घर का ताला तोड़कर बक्से में रखे करीब 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और लगभग 1 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गया।
मामले में एसडीओपी प्रशांत शर्मा और थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के मार्गदर्शन में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये मूल्य का नकदी और जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर उपजेल पिछोर भेज दिया गया है। बताया गया कि आरोपी पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रह चुका है।