सीधीः कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज एवं पुलिस के संयुक्त दल द्वारा गोपदबनास, मझौली, मड़वास एवं चुरहट तहसील क्षेत्रों में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए बीते दो दिन और रात में सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ग्राम कुरवाह, तहसील गोपदबनास में प्राप्त शिकायत की जांच में हाइवा वाहन मुरूम के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त पाया गया। दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर वाहन को जब्त कर थाना कोतवाली के सुपुर्द किया गया। इसी क्रम में ग्राम निधिपुरी, तहसील मड़वास स्थित गोपद नदी घाट से रेत का अवैध परिवहन करते हुए बिना नंबर के ट्रैक्टर को जब्त कर थाना मड़वास की अभिरक्षा में सौंपा गया। वहीं कोयले के अवैध परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया गया। साथ ही ग्राम चिलरी, तहसील चुरहट में अवैध रेत परिवहन करते पाए गए ट्रैक्टर एवं एक हाइवा को जब्त किया गया।
संबंधित वाहनों के चालकों और स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत केस दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और बिना नंबर के वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्यवाही के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।
सीधी से संवाददाता ओंकार मिश्रा की रिपोर्ट