रिपोर्ट: हरिओम वीर
रीवा: मध्यप्रदेश के रीवा में शादी की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई,जब दो बारातियों को तेज रफ्तार से दौड़ रही एक अनियंत्रित जीप ने रौंद दिया। रौंदने से मौके पर ही दोनों बारातियों ने दम तोड़ दिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फुट पड़ा, आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ ही दूरी पर खड़ी एक कार को आग के हवाले कर दिया। इससे वहां मौजूद लोगों के बीच बवाल हो गया। बवाल बढ़ने की सूचना पर आधा दर्जन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ।
दरअसल, ये घटना रीवा के मऊगंज थाना क्षेत्र के दुबगवां कुर्मियान गांव में शुक्रवार देर रात की है। शुक्रवार को दुबगवां कुर्मियान निवासी निसार अहमद के पुत्र फिरोज अंसारी की शादी थी। रात 10 बजे के करीब बारात देवरा गांव जा रही थी। दूल्हा सहित अन्य बाराती निकल चुके थे। अन्य बाराती दूसरे वाहनों में जाने के लिए तैयारी में लगे हुए थे। इसी दौरान सड़क पर खड़े दो लोगों को अनियंत्रित जीप रौंदते हुए पलट गई। घटना स्थल पर ही जयतुन निशा व मो. तारीफ की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हा सहित अन्य लोग बारात छोड़कर वापस लौट आए। मऊगंज पुलिस ने बताया कि अब स्थिति कंट्रोल में है। दोनों मृतकों का पोस्टमॉर्टम मऊगंज अस्पताल में कराया गया है।
जलने वाली कार अज्ञात…
पुलिस ने बताया कि घटना से गुस्साए बारातियों ने जीप की जगह कार को आग के हवाले कर दिया है। पूरी कार जलकर राख हो गई है। अभी तक कार मालिक की पहचान नहीं हो पाई है। कार घटनास्थल के पास ही खड़ी थी। साथ ही उसमे नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि टक्कर मारने वाली जीप की जगह बारातियों ने धोखे से कार को आग लगा दी। पुलिस आसपास पूछताछ करके कार मालिक की तलाश कर रही है। वहीं टक्कर मारने वाला जीप चालक हादसे के बाद मौके से फरार है। पुलिस ने तनाव को रोकने के लिए आधा दर्जन थानाबल मौके पर तैनात किया है। पूलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।