शाजापुरः संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर शुजालपुर शहर में उत्साह और श्रद्धा का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। बाबा साहेब के जन्मोत्सव पर एक विशाल और भव्य रैली का आयोजन किया गया, जिसमें नीले रेले के बीच ‘जय भीम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से आजाद समाज पार्टी (ASP) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने शिरकत की।
समानता और सामाजिक न्याय का संदेश
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली इस रैली में कार्यकर्ताओं के हाथों में नीले ध्वज और बाबा साहेब के चित्रों वाली तख्तियां लिए युवाओं का हुजूम सामाजिक न्याय और समानता का संदेश दे रहा था। रैली में डीजे की धुन पर थिरकते कार्यकर्ता और बाबा साहेब के जयकारों ने वातावरण को पूरी तरह अंबेडकरमय बना दिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
“शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का संकल्प
रैली के पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उज्जैन संभाग प्रभारी अजय अहिरवार ने बाबा साहेब के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि आज हम केवल उत्सव मनाने नहीं, बल्कि बाबा साहेब के उन संकल्पों को दोहराने आए हैं, जिन्होंने करोड़ों वंचितों को सम्मान से जीने का अधिकार दिया। बाबा साहेब का मूल मंत्र था— शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो। हमें केवल उनके चित्रों की पूजा नहीं करनी है, बल्कि उनके द्वारा दिखाए गए संघर्ष के मार्ग पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और न्याय की मशाल पहुंचानी है।”
शाजापुर से संवाददाता दिलीप सौराष्ट्रीय की रिपोर्ट