नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में आज यानी शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली मारकर गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या कर दी गई। पेशी पर आए जितेंद्र गोगी की मौके पर ही मौत हो गई। आपको बता दें कि ये गांगवॉर रोहिणी कोर्ट के रूम नंबर-207 के भीतर हुई है। वहीं मौके पर मौजूद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों हमलावरों को ढेर कर दिया।
खबरों की मानें तो इस शूटआउट में तीन से चार लोग घायल भी हुए है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि एनकाउंटर में टिल्लू गैंग के दो बदमाशों को मार गिराया गया है। ये दोनों बदमाश वकील की ड्रेस पहनकर रोहिणी कोर्ट में घुसे थे। इन्होंने ही जितेंद्र गोगी को गोली मारी। टिल्लू गैंग के दोनों बदमाशों के नाम पुलिस अभी वेरीफाई कर रही है। बताया जा रहा है इनकी पुरानी आपसी रंजिश थी। राजधानी में इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
#WATCH दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में हुई फायरिंग का वीडियो।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने गैंगस्टर जितेंद्र मान गोगी पर गोलियां चलाईं, जिसकी मौत हो गई है। पुलिस ने तीन हमलावरों को भी मार गिराया है। pic.twitter.com/oJ4omCZeKp
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 24, 2021
दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने कहा कि, ‘पुलिस ने एक्सटॉर्शन केस में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी को दो दिन पहले पकड़ा था। उसकी आज कोर्ट में पेशी थी। वहां वकील की ड्रेस में आए बदमाशों ने अचानक गोली चला दी। जितेंद्र गोगी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बदमाशों को ये नहीं मालूम था कि जितेंद्र गोगी के साथ स्पेशल सेल की एक टीम भी थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बदमाशों को ढेर कर दिया।’
कौन था जितेंद्र गोगी
आपको बता दें कि जितेंद्र गोगी की गिनती दिल्ली के टॉप मोस्ट गैंग्स्टरों में की जाती थी। दिल्ली पुलिस ने उसपर 4 लाख रुपए का इनाम रखा था। हरियाणा पुलिस ने उस पर ढाई लाख रुपए का इनाम भी रखा था। दिल्ली के नरेला इलाके में एक स्थानीय नेता वीरेंद्र मान की हत्या में गोगी और उसके गुर्गों का हाथ था। जितेंद्र उर्फ गोगी पर हरियाणा की मशहूर सिंगर हर्षिता दाहिया की हत्या का आरोप भी है। दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में इस गैंगस्टर ने पुलिस की निशाने पर था।