1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस सड़कों पर, कहा: देश में लोकतंत्र की मौत हो रही है

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस सड़कों पर, कहा: देश में लोकतंत्र की मौत हो रही है

 देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आज कांग्रेस सड़कों पर है। कांग्रेस ने आज देशव्यापी प्रदर्शन बुलाया है। कांग्रेस कार्यकर्ता आज देश के कई हिस्सों में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आज कांग्रेस सड़कों पर है। कांग्रेस ने आज देशव्यापी प्रदर्शन बुलाया है। कांग्रेस कार्यकर्ता आज देश के कई हिस्सों में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम सांसद भी हिस्सा लेंगे। कांग्रेस सांसद संसद भवन से विजय चौक तक मार्च निकालेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस पीएम आवास का घेराव भी करेगी।

कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी राजभवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा देश महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है।

कांग्रेस भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ईडी का गलत इस्तेमाल कर विपक्ष को दबाना चाहती है, लेकिन हम डरने वाले नहीं है।

रात से जुटने लगे कार्यकर्ता

कांग्रेस कार्यकर्ता भी गुरुवार रात से ही कांग्रेस के मुख्‍यालय पर जुटने लगे थे। हालांकि दिल्‍ली पुलिस ने इस प्रदर्शन केा अनुमति नहीं दी है। दिल्‍ली पुलिस का कहना था, जंतर मंतर को छोड़कर नई दिल्ली जिले के पूरे इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लागू। सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात कारणों को देखते हुए 5 अगस्त को नई दिल्ली जिले के क्षेत्र में विरोध/धरना/ घेराव की अनुमति नहीं दी जा सकती।

पुलिस ने नहीं दी अनुमति

पुलिस की अनुमति न मिलने पर राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा था, लोकतंत्र में विरोध करना हमारा अधिकार है। परमिशन नहीं दे रही है पुलिस तो ठीक है, रोकिए।

राष्‍ट्रपति भवन तक मार्च, पीएम आवास का घेराव

गुरुवार को कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक सामान पर जीएसटी लगाने के खिलाफ दिल्ली में व्यापक प्रदर्शन, राष्ट्रपति भवन तक मार्च और प्रधानमंत्री के आवास का घेराव करेगी। कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सदस्य संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालेंगे

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज लोगों के मुद्दे चाहे महंगाई, बेरोजगारी, समाज में हिंसा और कुछ भी हो उसे उठाने नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि 4-5 लोगों के हितों की रक्षा के लिए सरकार एजेंडा चला रही है और उन्हीं के लिए काम कर रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र की मौत देख रहे हैं। भारत ने लगभग एक सदी पहले से जो ईंट-पत्थर से बनाया है, वह आपकी आंखों के सामने नष्ट हो रहा है। जो कोई भी तानाशाही की शुरुआत के विचार के खिलाफ खड़ा होता है, उस पर शातिर हमला किया जाता है, जेल में डाला जाता है, गिरफ्तार किया जाता है और पीटा जाता है।

कांग्रेस ने बताया कि पार्टी सांसद संसद भवन से चलो राष्ट्रपति भवन के तहत राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। वहीं, वरिष्ठ नेता पीएम आवास का घेराव करेंगे।

कांग्रेस पार्टी के बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने विजय चौक पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई।

 केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी के अलावा जीएसटी वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...