भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही पांच मैचों की सीरीज में भारतीय टीम ने पहले तीन मैच लगातार जीतकर सीरीज में 3-0 की बढ़त हासिल कर ली है। पिछला मैच बेहद ही रोमांचक रहा और टीम इंडिया ने सुपर ओवर में रोहित शर्मा के दो छक्को की मदद से शानदार जीत हासिल की।
आज सारीज का चौथा मैच वेलिंग्टन के मैदान पर खेला जाना है और भारतीय टीम ये मैच जीतकर सीरीज में 4-0 की बढ़त हासिल करना चाहेगी। भारतीय बल्लेबाजों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।
के.एल. राहुल ने शुरुआती दो मैचों में अर्धशतक जमाए थे और पहले मैच में श्रेयस अय्यर का बल्ला भी चला था। दूसरे मैच में भी वह असरदार रहे थे और पिछले मैच के हीरो रहे रोहित शर्मा भी अपनी तूफानी लय में लौट चुके हैं। भारतीय टीम की गेंदबाजी थोड़ा चिंता का विषय बनी हुई है। बात अगर पहले और तीसरे मैच की करे तो भारतीय गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए।
तीसरे मैच में कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन ने अकेले अपने दम पर मैच का रुख मोड़ दिया था। आखिरकार मोहम्मद शमी ने अंतिम ओवर में शानदार वापसी करते हुए स्कोर बराबर करा दिया था। जिसके बाद मैच सुपर ओवर तक पहुंचा और भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की।