बड़वानी: आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने शहर में सघन पैदल भ्रमण किया। एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में पुलिस ने जगह-जगह चौपाल लगाकर जनता से संवाद किया। यह आयोजन जिले के सभी थाना क्षेत्र में आयोजित किया गया।
दरअसल इस अभियान का उद्देश्य जिले में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना, आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना, सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना तथा यातायात अनुशासन सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा आमजन, महिलाओं और बच्चों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें विभिन्न सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस ने चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन व इमरजेंसी सेवाओं की जानकारी दी। बाल विवाह रोकथाम के संबंध में समझाइश दी। वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग के लिए प्रेरित किया। नशा कर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। वहीं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। यातायात
पुलिस ने बस स्टैंड पर ऑटो चालकों से संवाद कर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में गणगौर सहित अन्य पर्वों को लेकर आमजन से सकारात्मक चर्चा की। मुख्य रुप से कार्यक्रमों में यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा उपायों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
पुलिस ने आमजन से आह्वान किया कि सार्वजनिक स्थानों पर सावधानी बरते और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचे। शहर में आयोजित कार्यक्रम में यातायात प्रभारी विनोद बघेल, सूबेदार अलका वास्कले, उषा सिसोदिया, काउंसलर अनीता चोयल आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या अपमानजनक पोस्ट साझा न करें। यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।