नई दिल्ली : गुजरात के सूरत से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे लेकर किसी को भी इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा हैं की कोई पिता इस तरह की हरकत कर सकता है। दरअसल यहां एक पिता ने दूसरी शादी करने के चक्कर में अपने 11 साल की बेटी के साथ ऐसी हरकत की, जिसे लेकर उसकी दादी को कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
गौरतलब है कि यहां एक पिता ने दूसरी शादी करने से पहले अपनी बेटी को अनाथालय के हवाले कर दिया था। इस बात की खबर उसने किसी को भी नहीं होने दी। इस बात की खबर जब बच्ची की दादी को हुई तो वो अनाथ आश्रम गई पर वहां से उसे नियम कायदों को हवाला देकर लौटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
दादी एक वकील की मदद से अदालत पहुंची तो कोर्ट ने सर्च वॉरंट जारी कर बच्ची को अदालत में पेश करने को कहा। बच्ची ने अदालत में कहा कि वो 25 दिनों से अपनी दादी के पास जाने के लिए कह रही है, लेकिन कोई उसकी मदद नहीं कर रहा है। पूरे मामले को समझते ही अदालत ने बच्ची को दादी के हवाले करने का आदेश दिया।

बच्ची की दादी ने बताया कि उसका बेटा शराबी है और इसी लत के चलते चार साल पहले उसका तलाक हो चुका है। पिछले कुछ दिनों से उसे दूसरी शादी का भूत सवार हो गया। उसकी तीन संतानें हैं जिनमें सबसे बड़ा बेटा है, फिर दो बेटियां। सबसे छोटी बेटी तलाक के बाद से अपनी मां के साथ रहती है। बस कंडक्टर का काम करने वाला शराबी पिता लगभग एक महीने पहले बिना किसी को कुछ बताए अपनी बेटी को घुमाने के बहाने घर से ले गया और अनाथ आश्रम में छोड़ दिया।
बता दें कि इससे पहले भी बेटियों को लेकर इस तरह की खबरें सामने आ रही है। राजस्थान में एक पिता ने अपनी बेटी को जिंदा ही खेत में दफना दिया है, जिसे एक किसान और वहां मौजूद लोगों ने देख लिया, जिन्होंने किसी तरह से उस बच्ची की जान बचाई। वहीं पिता ने कहा कि उसका मकसद बेटी का जान लेना नहीं था। बहरहार मामला जो भी हो, लेकिन सरकार को बहुत जल्द बेटियों की सुरक्षा को लेकर एहतियातन कोई कदम उठाना चाहिए।