कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र में महिला से मारपीट और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। पीड़िता आकांश उर्फ काव्या इदनानी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर थाना प्रभारी और एक आरक्षक पर अभद्र व्यवहार, मारपीट और धमकी के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार 17 मई 2026 की रात पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद महिला अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि मौके पर पहुंचे माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने कार्रवाई करने के बजाय स्वयं उसके साथ मारपीट और अभद्रता की। साथ ही कोतवाली थाना ले जाने के बाद शिकायत वापस लेने का दबाव और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला ने मेडिकल रिपोर्ट को साक्ष्य के रूप में पेश करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही मुड़वारा स्टेशन और कोतवाली थाना क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच कराने का आग्रह किया गया है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कटनी के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक भोपाल, आईजी जबलपुर और महिला आयोग से भी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।