रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकी गतिविधियां तेज होती दिख रही हैं। जम्मू में रविवार को आतंकियों ने भारतीय सैन्य ठीकानों को ड्रोन के माध्यम से निशाना बनाया। उसके 24 घंटे के भीतर ही आतंकियों नें कश्मीर के पुलवामा में एक पूर्व पुलिस ऑफिसर फैयाज अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी।
आपको बता दें कि पुलवामा में अवंतीपुरा के हरिपरिगाम गांव में आतंकी जम्मू एवं कश्मीर पुलिस में SPO रहे फैयाज अहमद के घर में घुस गए और अंधाधुंध गोलियां चलाईं। आतंकियों के इस वारदात से फैयाज की मौके पर ही मौत हो गई और पत्नी एवं बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मानें तो अस्पताल में शहीद फैयाज अहमद की पत्नी ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी रात करीब 11 बजे पुलवामा के अवंतीपोरा इलाके के हरिपरिगाम में एसपीओ फैयाज अहमद के घर में घुस गए और परिवार पर गोलियां चला दीं। पुलिस के मुताबिक इलाके को घेर लिया गया है और सर्च अभियान जारी है।
आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को लश्कर-ए-तैयबा के एक अग्रिम समूह ‘रेसिस्टेंस फोर्स’ से जुड़े एक कथित आतंकवादी को गिरफ्तार किया और उसके पास से 5.5 किलोग्राम आईईडी जब्त किया है। जम्मू के SSP चंदन कोहली ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामबन के जैनहाल-बनिहाल निवासी नदीम-उल-हक के रूप में की। SSP ने आगे बताया कि हक पाकिस्तान और दक्षिण कश्मीर के शोपियां में अपने आकाओं के संपर्क में था।