भोपाल में भारत रत्न एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रोशनपुरा चौराहे पर स्थापित नेहरू जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय स्थित राजीव गांधी सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके जीवन और योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के निर्माण के शिल्पकार थे। उन्होंने लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, वैज्ञानिक सोच और सामाजिक समरसता की मजबूत नींव रखी, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेहरू जी के विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करने की अपील की और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए उनके मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने तथा नेहरू जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।