बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में रविवार रात सराफा व्यापारी कपिल आसटकर लूट का शिकार हो गए। वह अपनी दुकान बंद कर सोने-चांदी के जेवर लेकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
पीड़ित के अनुसार, जब बदमाश जेवरों से भरे दोनों थैले छीनने में सफल नहीं हुए तो उन्होंने हवाई फायरिंग की। इसके बाद एक आरोपी ने व्यापारी के सिर पर कई बार लाठी से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
व्यापारी के गिरते ही बदमाश सोने और चांदी के जेवरों से भरे दोनों थैले लेकर मौके से फरार हो गए। लूटे गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 8 से 9 लाख रुपये बताई जा रही है।

घायल व्यापारी को पहले लांजी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह लांजी क्षेत्र में सराफा व्यापारी से लूट की पहली बड़ी घटना बताई जा रही है।