रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से वारदात की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे जानकर आप भी दंग रह जायेंगे। एक पति ने अपनी पत्नी को गोली सिर्फ इसबात पर मार दी कि वह अपनी बहन से बढ़ती नजदीकी का विरोध कर रही थी। दोनो के बीच इस बात को लेकर कहासुनी भी हुई थी। मामला हजरत निजामुद्दीन थाने इलाके का है, जहां मंगलवार को एक पति ने अपनी पत्नी के सीने में चार गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका 8 महीने की गर्भवती भी थी। वारदात की सारी घटना पास में लगा सीसीटीवी में कैद हो गई।
आपको बता दें कि आरोपी पति दो अवैध पिस्टल लेकर आया था। आरोप है कि पहली पिस्टल से गोली नहीं चली तो उसने दूसरी पिस्टल निकालकर पत्नी पर कई गोलियां चलाईं। मिली जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधा थाने गया। वहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उससे वारदात में इस्तेमाल दोनों अवैध पिस्तौल भी बरामद कर ली गई हैं।
साउथ-ईस्ट दिल्ली के डीसीपी आरपी मीणा के मुताबिक मृतक महिला का नाम शाइना (29) है। जबकि आरोपी पति का नाम वसीम (32) है। वारदात में घायल हुए युवक का नाम शहादत बताया गया है। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात मंगलवार सुबह 10:24 बजे से 10:27 बजे के बीच हुई। इस दौरान आरोपी वसीम अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद मौके पर ही रहा।
उन्होने आगे बताया कि इस बारे में सुबह 10:42 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। जिसमें बताया गया था कि निजामुद्दीन इलाके में फायरिंग हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि वारदात में हुए दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। वहां पहुंची पुलिस को पता लगा कि शाइना नाम की महिला की मौत हो चुकी है जबकि शहादत का इलाज चल रहा है। मामले में जांच करने पर पुलिस ने शाइना की हत्या करने के आरोप में इसके पति वसीम को पकड़ लिया।
डीसीपी ने आगे जानकारी दी कि शाइना MDPS मामले में जेल में बंद थी। वह करीब 8 महीने की गर्भवती थी। अभी 24 अप्रैल को इस आधार पर ही जेल से बाहर आई थी। हत्या का कारण शाइना के जेल में जाने के बाद आरोपी पति वसीम का शाइना की बहन रेहाना के नजदीक आना माना जा रहा है।
उन्होने जॉच के बारे में बताते हुए कहा कि मामले में रेहाना की भूमिका की भी जांच की जाएगी। जेल से बाहर आने के बाद शाइना को अपनी बहन और पति की नजदीकियों के बारे में पता लगा तो शाइना ने इस बारे में अपने पति से बात की और इसका विरोध किया। दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद मंगलवार सुबह वसीम ने अपनी पत्नी को गोली मार दी।