1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शहीद वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की स्मृति में बनेगा “हरिकेश वन”, 40 हजार पौधों से संजोई जाएगी वीरता की विरासत

शहीद वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की स्मृति में बनेगा “हरिकेश वन”, 40 हजार पौधों से संजोई जाएगी वीरता की विरासत

मुख्य वन संरक्षक नरेश सिंह यादव की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ श्रद्धांजलि एवं नामकरण कार्यक्रम

By: Naredra 
Updated:
शहीद वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की स्मृति में बनेगा “हरिकेश वन”, 40 हजार पौधों से संजोई जाएगी वीरता की विरासत

पन्नाः दक्षिण पन्ना वनमंडल के रैपुरा वन परिक्षेत्र की भगनरवा बीट में शहीद वनरक्षक स्वर्गीय हरिकेश गुर्जर की स्मृति में एक पौधरोपण स्थल का नामकरण “हरिकेश वन” किया गया। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित अधिकारियों, वनकर्मियों तथा ग्राम वन समिति सुर्रा के सदस्यों ने स्वर्गीय हरिकेश गुर्जर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान स्मृति पट्ट का अनावरण भी किया गया। ग्राम स्तरीय सहभागिता के साथ यह सादगीपूर्ण किंतु अत्यंत भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया।

उल्लेखनीय है कि वनरक्षक हरिकेश गुर्जर की हाल ही में मुरैना जिले में अवैध रेत खनन के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर शहादत हुई थी। वे कई वर्षों तक पन्ना टाइगर रिजर्व में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2025 में स्वयं के अनुरोध पर मुरैना स्थानांतरित हुए थे। उनका यह सर्वोच्च बलिदान वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

बता दें कि भगनरवा स्थित इस 40 हेक्टेयर क्षेत्र में वर्ष 2025-26 में क्षेत्र तैयारी का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा आगामी मानसून 2026 में यहां 40,000 पौधों का रोपण किया जाएगा। “हरिकेश वन” केवल एक पौधरोपण स्थल नहीं, बल्कि कर्तव्य, साहस और बलिदान की जीवंत स्मृति के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी भावना से दक्षिण पन्ना वनमंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ₹25,000 की सहयोग राशि दी है।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेश सिंह यादव, मुख्य वन संरक्षक, छतरपुर वन वृत्त रहे। कार्यक्रम में अक्षत जैन, पवई उपवनमण्डल अधिकारी, पंकज चौधरी प्रशिक्षु,  विवेक जैन, वन परिक्षेत्र अधिकारी रैपुरा, अशोक पांडे, डिप्टी रेंजर, सतीश द्विवेदी, वनरक्षक, स्थानीय वन अमला तथा ग्राम वन समिति सुर्रा के ग्रामीण सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में शहीद वनरक्षक के योगदान को स्मरण करते हुए यह संकल्प व्यक्त किया गया कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी।

पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...