मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले के नागदा में आयोजित कार्यक्रम में 5,017 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उज्जैन-जावरा 4-लेन ग्रीनफील्ड मार्ग का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ और हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने 99 किलोमीटर लंबे उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन मार्ग की आधारशिला रखी। यह परियोजना क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क, तेज आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विद्यालय, नागदा और जन सेवा प्रहरी (वॉलंटियर नेटवर्क) का भी शुभारंभ किया। इसके साथ ही कृषि उत्पादों पर आधारित एक पुस्तिका का विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। साथ ही जन सेवा प्रहरी अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों को हेलमेट भी प्रदान किए, ताकि वे सुरक्षित और प्रभावी ढंग से अपनी सेवाएं दे सकें।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल, सांसद बालयोगी उमेश नाथ, सांसद अनिल फिरोजिया सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।