1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. रैली में उपजे विवाद के दौरान थाने में उपद्रव करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

रैली में उपजे विवाद के दौरान थाने में उपद्रव करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार करीब 50-60 लोगों की उग्र भीड़ ने अचानक अमिलिया थाने का घेराव कर दिया। भीड़ की मांग थी कि मारपीट करने वाले दूसरे पक्ष के लोगों को तत्काल उनके हवाले किया जाए। पुलिस स्टाफ द्वारा समझाने के बावजूद भीड़ हिंसक हो गई और लाठी-डंडों व पत्थरों से थाने पर हमला कर दिया।

By: Naredra 
Updated:
रैली में उपजे विवाद के दौरान थाने में उपद्रव करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

सीधीः थाना अमिलिया क्षेत्र के अंतर्गत डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर निकाली जा रही रैली के दौरान उपजे विवाद और उसके पश्चात थाने पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने उपद्रवियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

दरअसल 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में अमिलिया बाजार से हटवा सभा स्थल के लिए एक रैली निकाली जा रही थी। रैली जब अमिलिया हायर सेकेंडरी स्कूल के पास पहुँची, तब सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो के कारण जाम लगने के कारण यह स्थिति बनी। इस दौरान बोलेरो चालक मनीष तिवारी और रैली में शामिल पक्ष के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और रैली को गंतव्य के लिए रवाना किया।

घटना के कुछ समय पश्चात करीब 50-60 लोगों की उग्र भीड़ ने अचानक अमिलिया थाने का घेराव कर दिया। भीड़ की मांग थी कि मारपीट करने वाले दूसरे पक्ष के लोगों को तत्काल उनके हवाले किया जाए। पुलिस स्टाफ द्वारा समझाने के बावजूद भीड़ हिंसक हो गई और लाठी-डंडों व पत्थरों से थाने पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक इस हमले में उपद्रवियों ने थाने के अंदर घुसकर फर्नीचर, पंखे, लाइट और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। थाने की सुरक्षा के लिए लगे CCTV कैमरों और उनके तारों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। HCM रूम में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डाली गई और तोड़फोड़ की गई। इस हिंसक हमले में थाने के तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुँचते ही उपद्रवी मौके से अपनी 11 मोटरसाइकिलें और 01 बोलेरो छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।इस मामले में अब तक 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य संदेही व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर ‘फिक्स पिकेट’ तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

सीधी से संवाददाता ओमकार मिश्रा की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...