1. हिन्दी समाचार
  2. केंद्र सरकार
  3. पीएम मोदी को फ्रांस ने दिया सर्वोच्च सम्मान, ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से किया सम्मानित

पीएम मोदी को फ्रांस ने दिया सर्वोच्च सम्मान, ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से किया सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस ने ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया है। फ्रांस का यह सर्वोच्च सम्मान है। पीएम मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिन्हें यह सम्मान मिला है। लीजन ऑफ ऑनर दुनिया भर के चुनिंदा प्रमुख नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया गया है।

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की दो दिन की यात्रा पर हैं। इस दौरान पीएम मोदी को फ्रांस ने ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया है। फ्रांस का यह सर्वोच्च सम्मान है। पीएम मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिन्हें यह सम्मान मिला है। लीजन ऑफ ऑनर दुनिया भर के चुनिंदा प्रमुख नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया गया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्स नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस-घाली समेत अन्य शामिल हैं।

इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी के सम्मान में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया। फ्रांस द्वारा पीएम मोदी को दिया जाने वाला यह सम्मान उन्हें अलग-अलग देशों द्वारा दिए गए शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों और सम्मानों की लिस्ट में शामिल हैं। मोदी के पेरिश पहुंचते ही एयरपोर्ट पर फ्रांस की पीएम एलिजाबेथ बोर्न ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने कई नेताओं से बात की। वहीं कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए। इसके बाद पीएम मोदी ने पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपीआई, चंद्रयान-3 और गरीबी जैसे मुद्दों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में फ्रांस के साथ कम से कम चार दशक पुराने अपने व्यक्तिगत संबंधों को भी याद किया। जब वो 1981 में अहमदाबाद में ‘एलायंस फ्रैंकेइस सेंटर’ के पहले सदस्य बने थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि फ्रांस से मेरा लगाव काफी पुराना है, और मैं इसे कभी नहीं भूल सकता।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी और विविधता की जननी है। उन्होंने कहा कि यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भारत में 100 से अधिक भाषाएं, 1,000 से अधिक बोलियां हैं। इन भाषाओं में प्रतिदिन 32,000 से अधिक समाचार पत्र प्रकाशित होते हैं। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत की धरती भी एक बड़े परिवर्तन का गवाह बन रही है। इसकी कमान भारत के युवाओं और बहन बेटियों के पास है। आज पूरा विश्व भारत के प्रति नई उम्मीद और नई आशा से भरा हुआ है। यह उम्मीद ठोस नतीजों में बदल रही है। इसकी एक अहम ताकत भारत का ह्युमन रिसोर्स है और यह संकल्पों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं संकल्प लेकर निकला हूं, मेरा कण-कण और पल-पल देशवासियों के लिए है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने प्राथमिकता के आधार पर सूडान से यूक्रेन तक लोगों को निकाला है। जो भारतीय छात्र फ्रांस में पढ़ेंगे, उन्हें 5 साल का लंबे समय तक रहने वाला वीजा दिया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया नई विश्व व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। भारत की भूमिका तेजी से बदल रही है। भारत इस समय G20 की अध्यक्षता कर रहा है और पूरा G20 समूह भारत की क्षमता देख रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...