1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सीजन में पहली बार सौंफ की आवक 1400 बोरी पार, बेमौसम वर्षा के चलते फीकी रही सौंफ की चमक

सीजन में पहली बार सौंफ की आवक 1400 बोरी पार, बेमौसम वर्षा के चलते फीकी रही सौंफ की चमक

गत सप्ताह से 20 हजार रुपए अधिक मिले भाव, अधिकांश उपज के कम मिले दाम। बारीक सौंफ का भाव 22 हजार रुपए, तो मोटी सौंफ 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी।

By: Naredra 
Updated:
सीजन में पहली बार सौंफ की आवक 1400 बोरी पार, बेमौसम वर्षा के चलते फीकी रही सौंफ की चमक

बड़वानीः शहर स्थित कृषि उपज मंडी में सौंफ की सीजन में पहली बार बंपर आवक रही। जिससे सौंफ आवक 1400 बोरी से अधिक रही। हालांकि दो तीन दिन पूर्व तेज हवा आंधी, बेमौसम वर्षा और ओलावृष्टि से सौंफ की फसल पर प्रभाव पड़ा है। जिससे अधिकांश सौंफ की रंगत कम होकर क्वालिटी कमजोर नजर आई। सौंफ का अधिक भाव गत सप्ताह से 20 हजार रुपए अधिक रहा, वहीं कमजोर क्वालिटी की सौंफ 60 से 150 रुपए किलो के बीच ही बिकी।

मंडी प्रशासन के अनुसार इस सप्ताह सौंफ की आवक रिकॉर्ड 1482 बोरी में अनुमानित वजन 1037 क्विंटल रही। बारीक सौंफ का भाव 22 हजार रुपए, तो मोटी सौंफ 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी। दरअसल गत फरवरी माह से प्रति रविवार सौंफ की आवक में बढ़ोतरी हो रही हैं। सौंफ व्यापारी राजेश राठौड़ ने कहा कि इस माह के प्रारंभ से तेज धूप के चलते सौंफ उपज सूखकर बेहतर क्वालिटी की आ रही थी, लेकिन गत दिनों के मौसम बदलाव ने फिर सौंफ की उपज पर प्रभाव डाल दिया। इससे सौंफ के रंग में अंतर आने लगा हैं।

वहीं सौंफ 160 रुपए लेकर 210 रुपए प्रति किलों के मान से भाव कृषकों को दिया गया। जबकि मोटी सौफ 110 से लेकर 120 रुपए तक के दाम रहे। बेहतर क्वालिटी वाली सौंफ 180 से 210 के बीच रहा। व्यापारियों का कहना है कि जो सौंफ 15 मार्च के पूर्व मंडी खरीदी बिक्री के लिए पहुंच जानी थी वह अब आ रही है, ऐसे में समय का जरूर अंतर आया है।

मंडी में 2 से 3 हजार किसान व 150 से अधिक व्यापारी अलग अलग जिलों से आकर यहाँ सौफ की खरीद और बिक्री करते हैं। इस दौरान व्यापारी राठौड़ ने बताया कि वे यहां से सौंफ खरीदकर गुजरात के गुन्जा क्षेत्र में भेजते हैं। वहां फैक्ट्री में सौंफ की सफाई व क्लिनिंग होकर देश प्रदेश में एक्सपोर्ट होती हैं।

जानकारी के अनुसार बड़वानी कृषि उपज मंडी में अधिकांश किसान समीप धार जिले से उपज बेचने आते हैं। वहीं बीते कुछ वर्ष से समीप धार जिले की गंधवानी कृषि मंडी में सौंफ की आवक की बिक्री होने लगी हैं, जो बड़वानी से करीब 40 किमी दूर है। ऐसे में धार जिले के अधिकांश किसान वहीं अपनी उपज बेचने में रुचि दिखा रहे हैं।

वर्तमान में गंधवानी मंडी में सौंफ की बंपर आवक के साथ भावों में 10 से 12 हजार रुपए प्रति क्विं. भाव अधिक मिल रहा हैं। इसके चलते बड़वानी कृषि उपज मंडी में सौंफ आवक एक हजार बोरी तक नहीं पहुंच पा रही हैं। जबकि कुछ वर्ष पूर्व तक मंडी में सौंफ की आवक ढाई से तीन हजार बोरी तक रहती थी। हालांकि इस रविवार सीजन में पहली बार सौंफ आवक 1400 बोरी से अधिक रही। व्यापारियों के अनुसार सौंफ की आवक अप्रैल माह तक बरकरार रहेगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...