रिपोर्ट: नंदनी तोदी
अमरोहा: उत्तर प्रदेश में अपराध का स्तर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश सरकार अपराध को लेकर सक्रिय हो गई है, वहीं, एक और सनसनीखेज मामले से पूरा प्रदेश सहम गया है। दरअसल, रविवार को एक सिपाही ने महिला सिपाही के सीने में तमंचे से गोली मार दी। सूत्रों के अनुसार, महिला सिपाही मुजफ्फरनगर जिले के गजरौला थाने में तैनाती है। वह अवंतिका नगर कॉलोनी में एक किराए के मकान में रहती है।
रविवार की शाम तकरीबन छह बजे सैदनगली थाने की PRV (पुलिस रिस्पांस व्हिकल) में तैनात सिपाही मनोज, महिला सिपाही के घर पहुंचा। घर पहुंचकर एक बहस के बाद उसने महिला सिपाही के सीने में गोली मार दी। फिर इसके बाद खुद को गोली मार ली। बता दें, मामला प्रेम का बताया जा रहा है।
लोगों ने बताया कि उन्होंने गोली की आवाज सुनकर पुलिस को इस बात की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को साईं अस्पताल में भर्ती करवाया। हालाँकि महिला सिपाही की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। साथ ही दोनों के परिजनों को इस वारदात की जानकारी दी।