नई दिल्ली : फरीदाबाद के सेक्टर-75 में पुलिस को एक अधजला युवक का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस को ये संदेह हुआ कि ये शव किसी नाइजीरियन युवक की है। इसे लेकर पुलिस ने फरीदाबाद में रह रहे नाइजीरियन लोगों से मृतक की शिनाख्त कराई पर वह शव की पहचान नहीं कर सके। वहीं दूसरी तरफ बल्लभगढ़ पुलिस एक गुमशुदा युवकी की तलाश कर रही थी। फिर जो सबूत सामने आएं उसने सबकों चौंका दिया…
पुलिस का दावा है कि पवन एक शादीशुदा महिला के साथ 2 साल से लिवइन रिलेशनशिप में रह रहा था। इसी बीच पवन ने महिला की 14 साल की बेटी से छेड़छाड़ की, जिससे दोनों में झगड़ा होने लगा। लड़ाई इतनी बढ़ गई कि महिला ने पेट्रोल डालकर पवन को जिंदा जला डाला। सेक्टर-65 क्राइम ब्रांच ने मामले में आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पति की मौत के बाद लिवइन में रह रही थी महिला
पंजाब के पठानकोट में 2 बेटियों के साथ रहने वालीं महिला का पति फरीदाबाद में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। 2019 में पति की ब्लड कैंसर के चलते मौत हो गई। पति की जगह पत्नी को फरीदाबाद की कंपनी में नौकरी मिल गई। यहां आने पर महिला की कंपनी में नौकरी करने वाले पवन के साथ बातचीत होने लगी। बातचीत दोस्ती में बदली और दोनों 2019 से लिव-इन में रहने लगे। महिला की दोनों बेटियां पंजाब में ही रह रही थीं। इसी बीच 14 साल की बड़ी बेटी मां के साथ रहने के लिए बल्लभगढ़ आ गई। आरोप है कि यहां पवन ने महिला की बेटी से छेड़छाड़ की। बेटी ने सारी बात मां को बताई। इस पर पवन और महिला का झगड़ा हो गया। रोज-रोज बढ़ते झगड़े से महिला को गुस्सा आ गया और उसने पवन को मारने की साजिश रच डाली।
‘मेरे लिए क्या कर सकते हो’ पूछा और दे दीं नींद की गोलियां
पवन के पास कार थी। महिला पवन को 16 अक्टूबर को दिल्ली ले गई, जहां अपने परिचित को बुलाकर कार घर ले जाने को कहा। उससे कहा गया कि वह होटल में रुककर आएंगे, लेकिन वह होटल में ठहरे नहीं। करीब 15 दिन पहले महिला ने बल्लभगढ़ से 2 लीटर पेट्रोल और नींद की गोलियां खरीदी थीं। महिला ने पवन से कहा कि मेरे लिए क्या कर सकते हो, इस पर पवन ने कहा कि वह कुछ भी कर सकता है। महिला ने नींद की गोलियां देकर कहा कि इन गोलियों को खाकर दिखाओ। पवन गोलियां निगल गया और वह बेसुध हो गया।
ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह पर ले गई
पुलिस के अनुसार, महिला दिल्ली से ऑटो किराये पर लेकर फरीदाबाद के लिए चली और वारदात की। महिला पवन को सेक्टर-75 एरिया में सुनसान जगह में ले गई, फिर उसने पवन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। 17 अक्टूबर को पुलिस ने जली हुई अवस्था में शव बरामद किया। पुलिस शव को नाइजीरियन का मानकर चल रही थी। इसके चलते पुलिस ने फरीदाबाद में रह रहे नाइजीरियन लोगों से मृतक की शिनाख्त कराई पर वह शव की पहचान नहीं कर सके।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कैसे उठा घटना से पर्दा
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने कहा कि, थाना शहर बल्लभगढ़ में मृतक के भाई की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई गई थी। थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर सतीश और क्राइम ब्रांच-65 रविंद्र कुमार की टीम मिसिंग पवन की तलाश में काम कर रही थी। जांच करते हुए पुलिस को सुराग हाथ लगते चले गए और मामला खुल गया।