बड़वानीः छोटी कसरावद रोड स्थित नगर पालिका क्षेत्र में पेजयल की आपूर्ति चरमरा गई है। बताया जा रहा है कि विद्युत फॉल्ट और तकनीकी कारणों से पालिका के नए व पुराने फिल्टर की व्यवस्था पर असर पड़ा है। गत सप्ताह से आ रही इस समस्या के चलते शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति बुरी तरह बाधित हो रही है।
हालांकि टैंकरों के माध्यम से वार्डों में जलापूर्ति की जा रही है। वहीं नए व पुराने फिल्टर प्लांट पर एक-एक विद्युत मोटर के भरोसे दिन में तीन-तीन शिफ्ट में क्षेत्रवार पेयजल आपूर्ति की जा रही है। हालांकि कई क्षेत्रों में अब भी पानी की किल्लत के चलते व्यवस्था टैंकरों के भरोसे बनी हुई।
नगर पालिका के अधिकारियों के मुताबिक छोटी कसरावद रोड स्थित दोनों फिल्टर प्लांट पर विद्युत मोटर जलने से यह समस्या आ रही हैं। हालांकि फिल्टर प्लांटों को दुरस्त करने का काम किया जा रहा है।
शहर में वार्डों में टैंकरों के माध्यम से पानी बांटने का सिलसिला लगातार जारी रहा। वहीं देर रात तक लगातार टैंकरों के माध्यम से वार्डों में पानी पहुंचाया गया। इस दौरान नगर पालिका के प्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी अलर्ट मोड पर नजर आए।