कटनीः जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिए गए निर्देश के पालन में शनिवार की सुबह जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति द्वारा सख्त कार्रवाई की गई।
योजना बना कर दी गई दबिश में प्रशासनिक टीम को मुखबिरों के माध्यम से रात्रि कालीन अवैध रेत परिवहन की सूचना प्राप्त हो रही थी। जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए टास्क फोर्स द्वारा शनिवार तड़के 3 बजे से 4 बजे के बीच जिले के विभिन्न संवेदनशील मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान बिना वैध ‘पिट पास’ के रेत का परिवहन करते हुए कुल 3 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया।खरेंटा ग्राम में रेत से भरी 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध परिवहन करते पाया गया। वहीं देवरी क्षेत्र से 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को टीम ने घेराबंदी कर जब्त किया।
जब्त किए गए तीनों वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना बड़वारा की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज माफियाओं के विरुद्ध यह अभियान जारी रहेगा। टास्क फोर्स समिति जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार सक्रिय है और भविष्य में भी इसी प्रकार की औचक कार्रवाईयां जारी रहेंगी। इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस थाना प्रभारी बड़बारा कृष्ण कुमार पटेल द्वारा किया गया।
कटनी से संवाददाता सत्येंद्र गौतम की रिपोर्ट