सिंगरौलीः कांग्रेस पार्टी की प्रदेश महासचिव एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी कविता पांडेय एक दिवसीय दौरे पर सिंगरौली पहुंचीं। जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कचनी इलाके में पूजा पांडेय के घर में जाकर गैस सिलेंडर न मिलने के विरोध में लकड़ी के चूल्हे में रोटी सब्जी बनाकर कांग्रेसी एवं आसपास के लोगों को खिलाया। कविता पांडेय ने इस दौरान गाना गाते हुए सरकार पर तीखा प्रहार किया।
इस मौके पर कविता पांडेय ने गैस के खाली सिलेंडर पर फूल माला एवं अगरबत्ती चढाकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सरकार उज्ज्वला योजना के नाम पर प्रदेश की महिलाओं को ठगने का काम कर रही है। जब महिलाएं चूल्हा में खाना बना रही थी तब उन्हें गैस सिलेंडर का लालच दिया गया। अब गैस सिलेंडर में महिलाएं खाना बनाने लगी तो सरकार उन्हें केरोसिन देने की बात कह रही है।
उन्होंने कहा कि वे खुद गैस एजेंसी में जाकर देख रही है कि लोग एक-एक किलोमीटर तक लाइन लगा रहे हैं। जबकि सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर पर 60 रुपए बढ़ा दिए उसके बावजूद भी समय पर लोगों को गैस नहीं मिल रही है बल्कि पुलिस बल लगाकर नंबर से गैस दिलाने का काम किया जा रहा है। सरकार को इस पर ठोस कदम उठाना चाहिए अन्यथा कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
सिंगरौली से संवाददाता अमित पाण्डेय की रिपोर्ट