रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: हत्या के आरोप में फरार चल रहे पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के सीपी नीरज ठाकुर ने गिरफ्तारी की पुष्टी की है। आरोपी सुशील कुमार और अजय को मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सुशील कुमार को आज ही कोर्ट में पेश करेगी। इसके साथ ही पुलिस रिमांड पर लेने की भी कोशिश करेगी। आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार पर 1 लाख रुपये औऱ अजय पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सुशील कुमार छत्रसाल स्टेडियम में हुए झगड़े में एक पहलवान की मौत के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वो पंजाब के बठिंडा है। आधिकारिक पुलिस सूत्रों ने बताया था उसकी तलाश में कई टीम गठित की गई थीं, जो उसे को पकड़ने के लिए हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में छापे मार रही थीं।
आपको बता दें कि दिल्ली की एक अदालत ने सुशील को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था। सुशील कुमार और कुछ अन्य पहलवानों द्वारा चार मई की रात को राष्ट्रीय राजधानी के छत्रसाल स्टेडियम परिसर में कथित रूप से की गयी मारपीट में सागर राणा की मौत हो गयी थी, वहीं सागर के दोस्त सोनू तथा अमित कुमार घायल हो गये। इसके बाद से ही पहलवान सुशील कुमार फरार चल रहे थे।