धारः जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुजरी के डेहरीयां में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। जंगल से भटककर गांव में घुसे तेंदुए ने चार लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
गंभीर हालत को देखते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है। ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी जा रही है।
धार से संवाददाता ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी की रिपोर्ट