1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. बुरहानपुर में डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा की अपराध समीक्षा बैठक

बुरहानपुर में डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा की अपराध समीक्षा बैठक

बुरहानपुर में डीआईजी निमाड़ रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा ने अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों और डिजिटल पुलिसिंग को लेकर सख्त निर्देश दिए तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना भी की।

By: Nivedita 
Updated:
बुरहानपुर में डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा की अपराध समीक्षा बैठक

बुरहानपुर जिले में उप पुलिस महानिरीक्षक (निमाड़ रेंज) खरगोन श्री सिद्धार्थ बहुगुणा के आगमन पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागृह में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में जिले में चल रहे अपराधों, लंबित प्रकरणों और चालानों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी द्वारा अनुभागवार प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद डीआईजी ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई, एससी/एसटी मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में 100% रिकवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिजिटल पुलिसिंग और ई-विवेचना पर जोर

बैठक में CCTNS पोर्टल और ई-विवेचना प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को FIR, नक्शा मौका, गिरफ्तारी, जप्ती और अन्य विवेचना कार्यों को समयबद्ध रूप से ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ई-साक्ष्य अपलोड, ऑनलाइन वारंट प्रक्रिया और माइक्रो बीट सिस्टम को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

 

साइबर अपराध और हेल्पलाइन मामलों पर सख्ती

डीआईजी ने साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि साइबर फ्रॉड मामलों में तेजी से कार्रवाई कर पीड़ितों की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश

बैठक में डीआईजी ने आदतन अपराधियों पर निगरानी, गुंडा-बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, सड़क दुर्घटनाओं में राहत योजनाओं का त्वरित लाभ और अफवाहों पर नियंत्रण के लिए इंटेलिजेंस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशील, सतर्क और प्रतिबद्ध रहकर कार्य करना चाहिए।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...