सिंगरौलीः नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत होते ही सिंगरौली जिले के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही भक्तजन पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
जिले की सीमा से लगे प्रसिद्ध मां ज्वालामुखी मंदिर में भी आज विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां सिंगरौली जिले के चितरंगी क्षेत्र से विधायक एवं प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने सुबह मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उनके साथ उनके पति डॉ. रवींद्र सिंह भी उपस्थित रहे। दोनों ने देश, प्रदेश और जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मां ज्वालामुखी मंदिर सिंगरौली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों से यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, मंदिर में सच्चे मन से पूजा करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। नवरात्रि के पहले दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।