मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवी समागम- 2026 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से होमगार्ड विभाग को सक्रिय और सशक्त बनाने वाले सभी साथियों का मैं अभिनंदन करता हूं। बदलते समय में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है, इसे बताने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। नागरिक सुरक्षा प्रबंधन को योजनाबद्ध तरीके से जमीनी स्तर तक लागू करने की जरूरत है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं में बेहतर प्रबंधन किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है।

राहगीर योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। घायल व्यक्ति के लिए ₹1.5 लाख तक के निशुल्क इलाज की व्यवस्था हमारी सरकार द्वारा सुनिश्चित की गई है। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल की सड़कों पर रात में टाइगर और दिन में आमजन का आवागमन-यह हमारे वन्यजीव और शहरी जीवन के संतुलन को दर्शाता है। वन्यजीव प्रबंधन के लिए नागरिकों को भी प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य की चुनौतियों का बेहतर सामना किया जा सके।

मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे विभाग के अधिकारी एवं सभी सहयोगी मिलकर इन सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करेंगे। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवी समागम के इस तीन दिवसीय आयोजन के लिए मैं आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।