भोपालः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले में हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बुधवार को इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चिकलिया फाटा के पास हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजन के साथ हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी धार जिले में हुई सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों के समुचित उपचार के लिए 50-50 हजार की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में दिवंगत के परिजन को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर संभागायुक्त और आईजी को घायलों की उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश भी दिए हैं। सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों की आत्मा की शांति और उनके शोकाकुल परिजन को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।